सीवर लाइन के गड्ढे और चेंबरों के ढक्कन टूटने पर एसडीएम ने जताई नाराजगी
नरेंद्रनगर (टिहरी)। नरेंद्रनगर नगर क्षेत्र में 41 करोड़ 44 लाख की लागत से हाल ही में बनी सीवर लाइन निर्माण में खामियां मिलने पर एसडीएम आशीष घिल्डियाल ने नाराजगी जताई। तहसील सभागार में जल निगम, लोक निर्माण विभाग और पालिका के अधिकारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सीवर लाइन की सभी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में विनोद गंगोटी ने कहा कि कार्य की गुणवत्ता ठीक न होने के कारण सीवर लाइन के गड्ढे जगह-जगह से टूटते जा रहे हैं। कई चेंबरों के ऊपर से लगाए गए ढक्कन वाहनों के चलने से टूट चुके हैं। निर्माण के दौरान सड़क के किनारे बनी नालियों से मलबा न हटाए जाने से नालियां चौक हो गई है, जिससे बारिश का सड़क पर बह रहा है। एसडीएम ने शीघ्र सीवर लाइन की खामियों को दूर न किए जाने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, जल निगम के ईई प्रवीण शाह, लोनिवि के ईई प्रवीण कर्णवाल, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एलम सिंह रावत, नीतीश बडोनी, विनीत थपलियाल, दीपक कुमार सत्य प्रकाश, उपेंद्र पुंडीर आदि मौजूद रहे।
जारी-मुनेंद्र नेगी