गडोलिया-घनसाली मोटर मार्ग पर देवरी के पास एक स्कूटी सवार ने पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान ने बताया कि सोमवार को दो स्कूटी सवारों ने देवरी में सड़क किनारे पैदल चल रहे भीमराव पुत्र जेठू लाल निवासी ग्राम देवरी को टक्कर मार दी जिससे वे सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेतों में गिर गए। स्थानीय लोगों ने घायल स्कूटी चालक बलबीर सिंह पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम लछमोली पट्टी हिंसरियाखाल टिहरी और स्कूटी में पीछे बैठे विक्रांत कुमार पुत्र राजपाल निवासी ग्राम दाबड़ा पट्टी टिकरी, जिला बागपत यूपी को निजी वाहन से पिलखी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल विक्रांत और भीमराव को हायर सेंटर श्रीनगर अस्पताल भेजा गया जहां विक्रांत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।