नई टिहरी। नए साल में पर्यटक स्थल चोपडियाली, जड़ीपानी, काणाताल, ठांगधार, धनोल्टी क्षेत्र में पर्यटकों की बढ़ती संख्या और खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने अलग-अलग दुकानों से 14 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरकर प्रयोगशाला जांच को भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर पांच होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस थमाए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान आटा, चावल, दाल, बेसन, खाद्य तेल और मशालों के 14 सैंपल लेकर रुद्रपुर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। चेकिंग के दौरान कुछ होटल और ढाबों में गंदगी मिलने पर पांच लोगों को मौके पर ही नोटिस जारी किए गए हैं। 15 दिन के अंतर्गत उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद