घनसाली (टिहरी)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को इंटर कॉलेज नौलबासर पहुंचकर छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने छात्राओं में हल्का बुखार होने की शिकायत पाई। काउंसलिंग कर छात्राओं को दवाई वितरित की गई। ठंड के मौसम को देखते छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े पहनने का सुझाव दिया गया। इंटर कॉलेज नौलबासर में बीते 21 दिसंबर को प्रार्थना सभा के कुछ देर बाद 12वीं कक्षा की दो छात्राएं अचानक चिल्लाने लगी। कुछ देर बाद छात्राएं बेहोश हो गई थी। छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए सोमवार को पिलखी अस्पताल से डॉ. हुकुम सिंह गुनसोला व डॉ मंजरी पहुंचीं। उन्होंने पांच छात्राओं की काउंसलिंग की। डॉ. गुनसोला ने बताया कि काउंसलिंग के बाद उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तो छात्राओं में ठंड की वजह से हल्का बुखार, छाती जाम और बलगम जैसे लक्षण दिखाई दिए। उन्हें दवा दी गई है।