घनसाली (टिहरी)। युवा कल्याण विभाग की पहल पर आयोजित खेल महाकुंभ के तहत अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भिलंगना ब्लॉक के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए बेहतर प्रदर्शन किया। खेल महाकुंभ के अंतर्गत भिलंगना के खिलाड़ियों ने उत्तरकाशी के मनेरा स्टेडियम में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 25 जनवरी से शुरू हुई प्रतियोगिता तीन फरवरी तक संचालित होगी। युवा कल्याण विभाग के सहायक प्रभारी कुंदन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमालयन इंग्लिश स्कूल घनसाली के खिलाड़ी सुधीर ने गोला फेंक में पहला, ग्राम हडियाणा तल्ला के अभिषेक ने 800 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में कॉन्वेंट स्कूल घनसाली की दिया ने भाला फेंक में प्रथम, इसी विद्यालय की श्रुति ने 100 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया। थार्ती नैलचामी की अदिति बिष्ट ने 800 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया है। संवाद