बूढ़ाकेदार-पिंसवाड़ मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से पिंसवाड़ और ऊर्णी गांव का तहसील और ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क कट गया है। बूढ़ाकेदार से पिंसवाड़ तक 20 किमी लंबी सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है।
धर्मगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से आठ जुलाई को बूढ़ाकेदार-पिंसवाड़ मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। मार्ग की सबसे खराब स्थिति आरका से आगे बनी हुई है। नदी के कटाव से कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार्यदायी संस्था वाप्कोस ने बूढ़ाकेदार से आरका तक कई स्थानों पर मलबा साफ कर छोटे वाहनों का संचालन शुरू कर दिया है, लेकिन आरका से आगे क्षतिग्रस्त सड़क के मरम्मत कार्य में लंबा वक्त लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। पिंसवाड़ और उर्णी गांव के लोगों को तहसील और ब्लॉक मुख्यालय घनसाली पहुंचने के लिए 10 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है।
पिंसवाड़ के ग्राम प्रधान दीपक जखेड़ी, सुरेंद्र सिंह पंवार, गबर सिंह, भरत सिंह राणा का कहना है कि उनका खाद्यन्न गोदाम चमियाला में है। सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में अगले तीन माह बरसात में परेशानी और अधिक बढ़ सकती है।
धर्मगंगा का जलस्तर बढ़ने से आठ जुलाई को बूढ़ाकेदार-पिंसवाड़ मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की दीवारें, नारदाने, स्कपर भी टूट गए हैं। मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से काम करने में दिक्कत आ रही है।
एमएस बिष्ट, अधिशासी अभियंता, वाप्कोस घनसाली