नई टिहरी। बौराड़ी व्यापार मंडल ने नगर में शॉपिंग मॉल खुलने का विरोध किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष महिताब सिंह गुनसोला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि छोटे नगरों में माॅल नहीं खुलने चाहिए। तय किया गया कि छोटे नगरों और कस्बों में मॉल खोलने की अनुमति नहीं देने के लिए आज बुधवार को व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल स्थानीय विधायक और डीएम से मिलकर उन्हें अपनी समस्या के संबंध में ज्ञापन सौंपेगा। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कुछ दिनों पहले नगर क्षेत्र में एक शॉपिंग मॉल खुलने से उनका व्यापार प्रभावित हो गया है। मॉल खुलने के बाद लोग उनकी दुकानों में नहीं आ रहे हैं। टिहरी बांध विस्थापित नगर है। यहां पहले से व्यापारिक गतिविधियां सीमित है। व्यापार नहीं चलने से कई लोग यहां से दूसरी जगह पलायन कर चुके हैं। बैठक में इकबाल सिंह, करम सिंह तोपवाल, देवराज कुमाईं, दीपेंद्र नेगी, कुलदीप पंवार, अमरीश पाल आदि मौजूद रहे। संवाद