नरेंद्रनगर(टिहरी)। श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में दो वर्षों बाद सर्जन की नियुक्ति होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। नवनियुक्त सर्जन डॉ. विभूति उनियाल ने शुक्रवार को अस्पताल में पहला सफल ऑपरेशन किया गया। पूर्व में कार्यरत सर्जन के स्थानांतरण के बाद से अस्पताल में सर्जन का पद रिक्त था, जिसके कारण मरीजों को सामान्य ऑपरेशन के लिए ऋषिकेश और देहरादून जाना पड़ता था। क्षेत्रवासी लंबे समय से सर्जन की नियुक्ति की मांग कर रहे थे। दो माह से पेट दर्द से पीड़ित सुनीता देवी पत्नी बलवीर सिंह, निवासी नरेंद्रनगर, को ऋषिकेश में अल्ट्रासाउंड जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी गई थी। सर्जन न होने के कारण वह परेशान थीं। डॉ. विभूति उनियाल की नियुक्ति के बाद सुनीता देवी का शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय में पित्त की थैली निकालने का सफल ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन टीम में एनेस्थेटिक डॉ. शिवानी रमोला के साथ अमित कोठारी, गीता बड़वाल और निर्मला राणा शामिल रहे। ऑपरेशन के बाद बलवीर सिंह ने कहा कि अस्पताल में सर्जन की नियुक्ति से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि कई लोग बाहर महंगा इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने सर्जन व पूरी मेडिकल टीम का आभार जताया।