त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट होने की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। विभागीय अधिकारियों की टीम ने चारधाम यात्रा मार्ग के व्यासी, तीनधारा, तपोवन, शिवपुरी क्षेत्र की दुकानों में चेकिंग अभियान चलाया। जिला अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा और विभागीय टीम ने दुकानदारों के साथ बैठक कर खाद्य सुरक्षा नियमों, एफएसएसएआई और एक्ट की जानकारी दी। होटल, लॉज में साफ-सफाई न होने और खाद्य पदार्थ बिक्री का लाइसेंस न होने पर नौ दुकानदारों को नोटिस जारी किए। खाद्य तेल, मसाला और कोल्ड ड्रिंक का एक-एक सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। तीन नवंबर तक जिलेभर में वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।