लापता को ढूंढने के लिए विधायक ने सौंपा पत्र
नई टिहरी। घनसाली थाना क्षेत्र के चमियाला से दो नाबालिग बच्चों के साथ लापता महिला का 18 दिन बाद भी कुछ पता नहीं चल पाया है जिससे परिजन चिंतित हैं। गुमशुदा महिला काे शीघ्र ढूंढने की मांग के लिए प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने डीएम और एसएसपी को पत्र सौंपा है। भिलंगना ब्लॉक के चमियाला में रह रही मंदार निवासी महिला ममता देवी अपने छह वर्ष और नौ वर्ष के बच्चों के साथ पांच मई से लापता है। परिजनों की ओर से घनसाली पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी लेकिन अभी तक किसी का भी कुछ पता नहीं चल पाया है। प्रतापनगर विधायक नेगी ने डीएम और एसएसपी से मुलाकात करते इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदा महिला और दोनों नाबालिग बच्चों को शीघ्र बरामद करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल, विजय गुनसोला, दर्शनी रावत और राजेंद्र सिंह आदि शामिल थे।