नई टिहरी। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उत्तराखंड में रुद्राक्ष उत्पादन की वृहद नीति बनाने की मांग की है। इस पर सीएम धामी ने उद्यान सचिव को यथोचित नीति तैयार कर विधायक उपाध्याय की अध्यक्षता में एक समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। विधायक उपाध्याय ने बताया कि उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल का दौरा किया जिसका उद्देश्य उस क्षेत्र में रुद्राक्ष की खेती के तरीके और विकास की संभावनाओं का अध्ययन करना था। प्रतिनिधि मंडल में रुद्राक्ष विशेषज्ञ प्रिंस अग्रवाल और कृषि वैज्ञानिक डॉ. रमेश सिंह पाल भी शामिल थे। इस दौरान खेती के तरीके, कृषि प्रबंधन,फसल कटाई के बाद प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और उत्तराखंड के उपयुक्त क्षेत्रों में रुद्राक्ष की खेती को बढ़ावा देने की संभावनाओं की जांच की गई। नतीजों से पता चलता है, कि उत्तराखंड में रुद्राक्ष पर आधारित एक टिकाऊ इको-सिस्टम विकसित किए जाने की प्रबल संभावना है। जिससे हिमालयी क्षेत्र में आजीविका बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण, आध्यात्मिक ब्रांडिंग और ग्रामीण उद्यमिता में काफी मदद मिल सकती है।विधायक ने कहा कि रूद्राक्ष उत्पादन से प्रदेश की आर्थिकी मजबूत होगी।