प्रतापनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत खरोली में प्रधान देवेश्वरी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शराब बंदी का प्रस्ताव पारित किया गया है। तय किया गया कि अब गांव में होने वाली शादी और अन्य मांगलिक कार्यक्रम में कोई शराब नहीं परोसेगा। शराबबंदी का उल्लंघन करने वाले पर 1100 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। पंचायत घर में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि कोई परिवार शादी समारोह और चूड़ाकर्म जैसे मांगलिक कार्य और सामाजिक समारोह में शराब पीने और पिलाने का काम करेगा, उस परिवार पर 1100 रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। गांव का कोई भी सदस्य उस समारोह में शामिल नहीं होगा। बैठक में तय किया गया कि गांव के स्थानीय जखवाल गांव बाजार में भी गांव का कोई व्यक्ति शराब पीकर उत्पात मचाते हुए पकड़ा गया तो उसे भी दंडित किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से कुछ असामाजिक तत्व गांव की सार्वजनिक संपत्ति और स्ट्रीट लाइट आदि को नुकसान पहुंचा कर चोरी कर रहे हैं। इस तरह का कुकृत्य करते हुए पकड़े जाने पर उससे 2100 रुपये का अर्थदंड वसूला जाएगा और उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा। बैठक में चंदन सिंह बगियाल, सेन सिंह रौतेला, दयाल सिंह, बलवीर सिंह, भागचंद सिंह, सुमेर सिंह, गणेश सिंह, प्रतिमा देवी, आनंदी देवी, सुमित्रा देवी और लक्ष्मी देवी आदि मौजूद थे।