नरेंद्रनगर बाईपास के समीप जमीन खिसकने के कारण खोखला हुआ ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे।
- फोटो : NEW TEHRI
ऋषिकेश-चंबा के बीच नरेंद्रनगर बाईपास के समीप हाईवे के नीचे भूस्खलन को देखते हुए पुलिस ने ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बड़े वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया है। बाईपास के समीप जमीन खिसकने के कारण हाईवे लगातार खोखला होता जा रहा है जिससे वहां बड़े वाहनों की आवाजाही होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के लिए कहा है। चंबा से ऋषिकेश जाने वाले भारी वाहन वाया धनोल्टी-मसूरी बाईपास होते हुए देहरादून जा सकते हैं।
नरेंद्रनगर बाईपास के समीप ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर पिछले कई दिनों से भूस्खलन हो रहा है। लगातार हो रहे भूस्खलन से सड़क नीचे से पूरी तरह से खोखली हो गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने बाईपास के समीप हाईवे पर बड़े वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बाईपास के समीप हाईवे पर मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत कार्य में कुछ दिनों का समय लग सकता है। तब तक बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से आवागमन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश से चंबा जाने वाले भारी वाहन ऋषिकेश से देवप्रयाग-हिंडोलाखाल से टिपरी-कोटी कालोनी होते हुए चंबा आ-जा सकते हैं। या फिर ऋषिकेश से चंबा जाने के लिए देवप्रयाग-मलेथा- दुगड्डा-पीपलडाली-कोटी होते हुए चंबा आ सकते हैं।