वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रयोगशाला में संचालित की जा रही कक्षाएं
घनसाली (टिहरी)। भारी बारिश से राजकीय इंटर कॉलेज अखोडी के पुराने विद्यालय भवन की दीवार टूट गई। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कक्ष-कक्षाएं अब प्रयोगशाला के कक्षों में संचालित की जा रही है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से जल्द नया विद्यालय भवन बनाने की मांग की है।
1946 में अखोडी इंटर कॉलेज का भवन बना था जिसमें आठ कमरे थे। विद्यालय भवन पिछले कई वर्षों से जर्जर है। तीन जुलाई रात को हुई बारिश के दौरान विद्यालय भवन की दीवार पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई जिससे विद्यालय प्रशासन के सामने कक्ष-कक्षों का संचालन करने की समस्या उत्पन्न हो गई।
प्रधानाचार्य सुरजन शाह ने बताया क्षतिग्रस्त भवन की कक्षाएं वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रयोगशाला में संचालित की जा रही है। विद्यालय में एक नया भवन बना है लेकिन उसमें पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं है। बीईओ सुमेर सिंह कैंतुरा ने बताया कि इंटर कॉलेज अखोडी का पुराना भवन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है जिसमें कुछ कक्षा संचालित होती थी उन्हें अन्य कमरों में शिफ्ट किया गया है। क्षतिग्रस्त भवन मरम्मत के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।