भिलंगना ब्लॉक के गोनगढ़ पट्टी के ग्राम पंचायत पौनाड़ा में प्रत्येक 12 साल में लगने वाला मां दुध्याड़ी देवी का नौ दिवसीय मेला इस वर्ष दिसंबर माह में आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसमें पूरब सिंह पंवार को अध्यक्ष, बिजेंद्र सिंह बसनवाल, शंकर सिंह रावत, मायाराम रतूड़ी, किशोर सिंह नेगी, और पूरब सिंह रावत को उपाध्यक्ष, नरेश रतूड़ी सचिव, विशन सिंह राणा को कोषाध्यक्ष, दर्शन सिंह लोदाल प्रचार मंत्री, पूरब सिंह नेगी को संयोजक, भादू सिंह असवाल को संरक्षक मनोनीत किया गया। मेले के समापन के बाद दुध्याड़ी देवी की डोली भिलंगना क्षेत्र के गांवों का भ्रमण करती है। अंत में उत्तरकाशी में गंगा स्नान के साथ ही डोली पौनाड़ी स्थित मंदिर के भीतर विराजमान होती है। फिर अगले 12 साल बाद यह प्रक्रिया शुरू होती है। विधायक शक्ति लाल शाह ने देवी के मंदिर और मेला स्थल पर व्यवस्था बनाने के लिए मेला समिति को सहयोग का आश्वासन दिया है।