नई टिहरी। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर बौराड़ी स्थित विवेक मेमोरियल सुरगंगा संगीत विद्यालय में आयोजित 45 दिवसीय ‘रिदम्स ऑफ ट्रेडिशन’ (परंपरा की लय) लोक डांस एंड म्यूजिक कार्यशाला का शुक्रवार को रंगारंग समापन हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ मैती मिलन के संस्थापक अनुसूया प्रसाद नौटियाल और डॉ. सीमा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण में सुरगंगा संगीत विद्यालय की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में देवाशीष गैरोला और दिव्यांशु जखमोला ने ढोल-दमाऊ वादन, स्वास्तिक फोंदणी व नताल्या भट्ट ने बिहू नृत्य, अमूल ललित व आयुष डोभाल ने पंजाबी लोकगीत तथा श्रेया भट्ट व बबिता नेगी ने उत्तराखंडी लोकगीत प्रस्तुत किए। मीनाक्षी सेमवाल और साक्षी सुयाल ने राजस्थानी-गुजराती गीत, समीक्षा नेगी ने हिमाचली लोक संस्कृति, जबकि अरविंद कोहली और जस्सी नेगी ने गढ़वाली जागर की प्रस्तुति दी। संजय कुमार, प्रीति भट्ट और सुनीता फोंदणी ने गढ़वाली लोकगीतों से समां बांधा। आस्था और जखमोला ग्रुप की गढ़वाली नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। इस अवसर पर रंजना पंत, आदित्य पांडेय, सपना नेगी, राहुल जखमोला, गुंजन जखमोला, सुषमा नकोटी, पिंकी पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।