पुलिया की फीलिंग धंसने से बाधित हुआ यातायात।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नैनबाग-बड़कोट के मध्य सिलेसू के समीप लोनिवि द्वारा बनाई गई पुलिया की फीलिंग एक माह में ही धंस गई, जिससे मंगलवार को करीब दो घंटे यातायात बाधित रहा। हाईवे पर यातायात बाधित रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर 50 किमी पर सिलेसू के समीप 22 लाख रुपये लागत से लोनिवि हाईवे खंड बड़कोट पुलिया निर्माण कर रहा है। पुलिया पर अभी कुछ काम होना बाकी है, लेकिन एक माह पूर्व लोनिवि हाईवे ने पुलिया से वाहनों का संचालन शुरू करवा दिया था। मंगलवार प्रात: 10 बजे के लगभग पुलिया की फीलिंग एकाएक धंस गई, जिससे पुलिया से वाहनों का आवागमन बंद हो गया था। सूचना पर लोनिवि हाईवे बड़कोट के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचा। जहां फीलिंग धंसी थी उस स्थान पर उन्होंने रेत और कंक्रीट से भरे कट्टे ठूस दिए हैं। तब जाकर दोपहर 12 बजे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।
जेई विनीत गोस्वामी ने कहा कि हाईवे पर वाहनों का अधिक दबाव होने के कारण पुलिया की फीलिंग धंसी है। पुल को कोई खतरा नहीं है। दो-तीन दिन के भीतर पुलिया पर सुरक्षा के लिए वायर क्रेट लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।