नई टिहरी। गजा-नकोट मोटर मार्ग पर आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार निर्माण शुरू न करने और सड़क पर जगह-जगह गिरे मलबे को साफ न करने पर प्रगतिशील जन विकास मंच ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। इस संबंध में मंच के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने डीएम को प्रेषित ज्ञापन में बताया है कि नगर पंचायत गजा से महज आधा किमी आगे की ओर बरसात के सीजन में भारी भूस्खलन से गजा-नकोट मार्ग की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क मार्ग पर जगह-जगह मलबा पसरा हुआ है। जिस कारण वाहनाें के संचालन में दिक्कतें आ रही है। भूस्खलन वाले स्थान के ऊपर ग्रामीणों के आवागमन का भी आम रास्ता है। ऐसे में यदि सुरक्षा दीवार नहीं लगाई गई तो यह रास्ता टूट जाएगा। साथ ही वहां लगा बिजली का पोल भी गिर सकता है। उन्होंने जनहित में उक्त स्थान पर सुरक्षा दीवार लगाने और मलबा हटाने की मांग की है। संवाद