प्रतापनगर क्षेत्र की जलकुर पंपिंग योजना निर्माण पूरा करने के लिए जिला पंचायत आगे आई है। योजना निर्माण के लिए अधिग्रहण किए गए काश्तकारों के खेतों का मुआवजा भुगतान के लिए जिला पंचायत ने जल संस्थान को 40 लाख जारी किए हैं।
प्रतापनगर ब्लॉक के रौणद रमोली पट्टी के लगभग 16 गांवों में पानी की आपूर्ति करने के लिए जल जीवन मिशन के तहत बीते जनवरी माह में जलकुर पंपिंग योजना को स्वीकृति मिली थी। 22 करोड़ की लागत से बनने योजना का निर्माण पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था जल संस्थान ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल ने जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को समस्या बताई जिस पर जिला पंचायत ने योजना के तहत काश्तकारों को मुआवजा भुगतान करने के लिए 40 लाख की धनराशि जारी की है। ईई नौटियाल ने बताया कि काश्तकारों का मुआवजा भुगतान के लिए 30 लाख की धनराशि और चाहिए। इसके लिए जिला पंचायत राज विभाग से निवेदन किया है।