चंबा (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के सकलाना पट्टी के मरोड़ा में अंग्रेजी शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे हैं। नाराज ग्रामीणों ने तहसीलदार धनोल्टी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजकर विरोध जताया है। ज्ञापन में कहा गया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रशासन मरोड़ा में शराब का ठेका खोलने के लिए जगह की तलाश कर रहा है। यदि क्षेत्र में शराब की दुकान खोली गई तो वे उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। क्योंकि मरोड़ा जौनपुर क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। महिलाएं मरोड़ा में सामान की खरीदारी करने जाती हैं। क्षेत्र के प्रमुख स्कूल भी मरोड़ा क्षेत्र में है। उन्होंने मरोड़ा में शराब का ठेका न खोलने की मांग की। ज्ञापन पर अखिलेश उनियाल, अनुसूया प्रसाद उनियाल, जिला पंचायत सदस्य आशा रावत, वंदना उनियाल, सरिता रावत, नीलम देवी, मधु देवी, गौरव तिवारी के हस्ताक्षर है। संवाद