सर्व शिक्षा के विद्यालयों में कार्यरत जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक वेतन के संकट से जूझ रहे हैं। सितंबर से शिक्षकों को वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और वित्त सचिव को ज्ञापन भेजकर वेतन भुगतान की मांग की है। कहा कि वेतन भुगतान न होने से शिक्षकों और उनके परिजनों को आर्थिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है। बताया कि विभागीय अधिकारी बजट के अभाव में वेतन भुगतान न होना बता रहे हैं। शिक्षकों की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने जल्द बजट जारी करने की मांग की है।