वर्षों से खस्ताहाल नरेंद्रनगर ब्लॉक के डागर-सोनी-फर्त सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की उम्मीद जग गई है। प्रदेश सरकार ने इसके सुधार के लिए हरी झंडी दे दी है। तीन करोड़ 52 लाख से डागर-सोनी-फर्त सड़क पर डामरीकरण और शेष कार्य होंगे। डामरीकरण के अभाव में इस मोटर मार्ग पर स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा था। हर दो कदम पर गड्ढ़े बने हुए हैं। नालियों का निर्माण न होने से बारिश के पानी से सड़क भरी रहती है। लंबे इंतजार के बाद अब सरकार ने डागर-सोनी-फर्त सड़क की सुध ली है। प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु की ओर से 10 सितंबर को जारी शासनादेश में डागर-सोनी-फर्त सड़क के पांच किमी डामरीकरण और मरम्मत के लिए तीन करोड़ 52 लाख 18 हजार की प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति देने की जानकारी दी गई। प्रमुख अभियंता लोनिवि को जल्द काम शुरू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।