घनसाली (टिहरी)। एक होटल के कमरे में किशोरी के साथ एक समुदाय विशेष के युवक के पकड़े जाने पर लोगों को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने युवक को सड़क पर लाकर उसकी जमकर पिटाई की और उसके गले में जूतों की माला पहनाकर बाजार में जुलूस निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल युवक को भीड़ की चंगुल से बचाकर हिरासत में लिया। वहीं आक्रोशित भीड़ ने एक समुदाय विशेष के लोगों की दर्जनभर दुकानों को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। व्यापारियों ने बाजार बंद कर घटना का विरोध किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी फटकारी।
सोमवार अपराह्न को एक समुदाय विशेष का युवक स्थानीय नाबालिग के साथ होटल के एक कमरे में पकड़ा गया। लोगों को इसकी भनक लगते हुए वे होटल के कमरे में गए और युवक को पकड़ कर सड़क पर ले आए और उसकी जमकर धुनाई की। लोगों ने उसके गले में जूतों की माला पहनाकर पूरे बाजार में जुलूस निकाला। आक्रोशित भीड़ ने युवक के हेयर ड्रेसर की दुकान को तोड़ने के साथ ही एक समुदाय विशेष की एक दर्जन दुकानों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ किया। दुकानों के अंदर भरा सामान सड़क पर फेंक डाला। घटना के विरोध में अन्य व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद किए। मामला बढ़ता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी फटकारी। इस दौरान पुलिस व स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
मामला बढ़ता देख एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत तत्काल मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस आरोपी युवक व किशोरी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। आरोपी युवक पिछले चार-पांच साल से घनसाली में हेयर ड्रेसर का काम करता है। काफी देर बाद मामला शांत होने पर पुलिस ने बाजार में फ्लैग मार्च किया।
प्रदर्शनकारियों में साहब सिंह कुमांई, व्यापार सभा अध्यक्ष पारेश्वर बड़ोनी, अंबिका कंस्वाल, अनिल चौहान, विनोद बड़ोनी, विनोद रावत, खुशहाल सिंह रावत आदि शामिल रहे।