नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के चंद्रबदनी नैखरी कैंपस और राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग में कंप्यूटर लैब निर्माण के लिए शासन से चार करोड़ छह लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। शुक्रवार को बादशाहीथौल स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि कार्यदायी संस्था जल्द निर्माण कार्य शुरू करेगी।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने नैखरी कैंपस में बीसीए, होटल मैनेजमेंट और गृह विज्ञान विषय शुरू करने के लिए पद सृजन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश प्राचार्य डॉ. महंत मौर्य को दिए। बैठक में विधायक कंडारी ने बताया कि कीर्तिनगर ब्लॉक के धद्दी घंडियाल में प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय का संचालन इस सत्र से शुरू किया जाएगा। इसके लिए इंटर कॉलेज के पांच कमरे उपलब्ध कराए गए हैं जबकि फर्नीचर व अन्य सुविधाओं के लिए पांच लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों के पांच-पांच पद भी सृजित किए गए हैं। कुलपति प्रो. जोशी ने बताया कि हिंदी, राजनीति विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र और इतिहास विषयों की संबद्धता के लिए विश्वविद्यालय ने निरीक्षण टीम गठित कर दी है। बैठक में कुलसचिव दिनेश चंद्रा, डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. एलएल नौटियाल और विजय प्रकाश बागड़ी मौजूद रहे।