सीएमओ डॉ. संजय जैन ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी और बूढ़ाकेदार का औचक निरीक्षक किया। निरीक्षण के दौरान पिलखी अस्पताल के पांच कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। अस्पताल की अव्यवस्था पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नदारद कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया है।
अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय को अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाने को कहा है। जिला प्रशासन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव, पिलखी और बूढ़ाकेदार के कर्मियों के ड्यूटी पर नहीं रहने की शिकायत मिली थी। सचाई जानने के लिए डीएम के निर्देश पर शनिवार को सीएमओ डा. जैन ने अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि पिलखी अस्पताल में निर्माणाधीन एक्स-रे कक्ष का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को दिए हैं। रविवार को सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हुलानाखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव के लोगों से अस्पताल में तैनात डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों के आवास निर्माण के लिए भूमि देने की अपील की। बताया कि अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर, वार्ड ब्वाय, सफाई कर्मी केे तैनाती होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। इसी माह उन्होंने हुलानाखाल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा।