थत्यूड़ (टिहरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ का उच्चीकरण करने, डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मिला। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल की समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समस्या समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में डॉक्टरों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष अधिकांश पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। एक भी विशेषज्ञ इस क्षेत्र में नहीं है। थत्यूड़ अस्पताल पर लगभग एक लाख की आबादी निर्भर है। अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए मसूरी या देहरादून जाना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल में सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष खेमराज भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, अमन भट्ट, रोहित चमोली शामिल रहे हैं। संवाद