तहसील क्षेत्र के विनकखाल में दुष्कर्म की कोशिश में मासूम बच्ची की मौत के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची के दफनाए गए शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर कस्बा (चांदपुर) निवासी सोनू (22) पुत्र मोहम्मद युसूफ विनकखाल में एक नेपाली महिला के साथ रह रहा था। आरोप है कि सोमवार की रात को युवक ने महिला की डेढ़ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की जिससे बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। तब बच्ची की मां और नाना ने बच्ची के शव को गुपचुप गांव से दूर दफना दिया था। ग्रामीणों को मामले में संदेह होने पर उन्होंने राजस्व पुलिस को इसकी सूचना दी।
राजस्व पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सब कुछ उगल दिया। महिला ने बताया कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी जिससे उसकी बच्ची की मौत हो गई।
राजस्व उप निरीक्षक हरिकिशन कोहली ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या करने और साक्ष्य छुपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद फरार हुए आरोपी युवक को शुक्रवार को चमियाला बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची के दफनाए गए शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।