शराबबंदी की मुहिम में प्रतापनगर का सौंदी गांव भी जुड़ गया है। गांव में होने वाले समारोह और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में अब कोई भी परिवार मेहमानों को शराब नहीं परोसेगा। गांव में कॉकटेल पार्टी का आयोजन नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 25 हजार अर्थदंड वसूला जाएगा। गांव में यदि कोई शराब बेचते हुए पकड़ा जाएगा तो उस पर भी 25 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। ऐसे लोगों का गांव से सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
रविवार को सौंदी गांव में ग्राम प्रधान अनीता पंवार की अध्यक्षता में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और रामलीला कमेटी की बैठक आयोजित की गई। शादी और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में शराब के बढ़ते प्रचलन पर बुजुर्गों और महिलाओं ने चिंता व्यक्त की। सौंदी गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए बैठक में सर्व सम्मति से शराब पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि शादी समारोह में अब कॉकटेल पार्टी का आयोजन नहीं होगा। अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में भी गांव पहुंचने वाले मेहमानों को शराब नहीं परोसी जाएगी। यदि गांव का कोई भी परिवार अपने किसी भी मांगलिक कार्य में शराब परोसेगा तो उससे 25 हजार जुर्माना वसूला जाएगा। जो गांव में शराब बेचने की कोशिश करेगा उस पर भी 25 हजार अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही उसका सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा।
महिला मंगल दल, युवक मंगल और रामलीला कमेटी से जुड़े लोग धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान मेहमानों को शराब पिलाने की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। बैठक में महिला मंगल अध्यक्षा सोना देवी, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सोबन सिंह चौहान, पूर्व प्रधान रामचंद्र नौटियाल, पूर्व सदस्य क्षेत्र पंचायत नत्थी सिंह सौदाल, शिवशरण पंवार, गोकुल पंवार, बद्री सिंह पंवार, राकेश सिंह राणा,जयपाल चौहान, जय सिंह पंवार, सूरत सिंह पंवार, विजयपाल पंवार, मंगला देवी, विशिला देवी उपस्थित रही।
बडियारी गांव में भी समारोह में शराब का विरोध
तहसील गैरसैंण के बडियारी गांव में सार्वजनिक समारोह के दौरान शराब परोसने पर पांच हजार का अर्थदंड लगाया जाएगा। गांव की महिला मंगल दल की ओर से प्रधान की मौजूदगी में एक सार्वजनिक बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। महिला मंगल दल अध्यक्ष सावित्री देवी ने कहा कि जो भी ग्रामीण विवाह, पूजा, मेले आदि सार्वजनिक समारोह में शराब परोसेगा उसके परिवार को महिला मंगल दल से अलग कर दिया जाएगा। साथ ही पांच हजार का जुर्माना भी लगाया जाएगा। ममंद की ओर से लिए गए निर्णय का बडियारी व आसपास के ग्रामीणों ने सराहना की। इस दौरान बैठक प्रधान मुकेश चंद्र, ममंद के दीपा देवी, रेखा देवी, शांन्ता,गोविन्दी, शुला,विजयलक्ष्मी, रामेश्वरी, संगीता, समा देवी मौजूद रहे।