नई टिहरी। रोहतक (हरियाणा) की एक महिला तीर्थयात्री की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। रोहतक के पर्यटक मिनी बस से चारधाम यात्रा पर निकले थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सभी पर्यटक कैंपटीफॉल बाजार में रुके थे। इस दौरान कुछ महिलाएं बाजार से कुछ दूरी पर शौच के लिए गई हुई थी। तभी अनाचक न्यू जनता कालोनी जिला रोहतक हरियाणा निवासी सुनीता देवी (50) पत्नी किशन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरीं। साथ गई अन्य महिलाओं की चीखपुकार के बाद बस में सवार अन्य यात्री घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी वाहन से मसूरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कैंपटी थानाध्यक्ष एमएल जखमोला ने बताया कि बस में चालक समेत 27 लोग सवार थे। मृतक सुनीता देवी के पति किशन भी बस में मौजूद थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ब्यूरो