नई टिहरी। जौनपुर ब्लॉक के भाल गांव निवासी सुरेंद्र सिंह सनवाल ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भालकीमांडे की टेंडर प्रक्रिया में धंाधली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर टेंडर प्रक्रिया की जांच कर इसे निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि ग्रामीण निर्माण विभाग ने पांच मई को समाचारपत्रों में विद्यालय भवन निर्माण का टेंडर जारी किया था। निविदा पत्र बिकने की अंतिम तिथि 21 मई को निर्धारित की गई थी, लेकिन अगले ही दिन विभाग ने अपरिहार्य कारणों से टेंडर निरस्त कर दिया था। दोबारा बिना समाचारपत्रों में विज्ञप्ति प्रकाशन के 26 जून रविवार को टेंडर डाले गए और अपने चहेतों को टेंडर दिया गया, जबकि नियम के तहत टेंडर बिक्री के लिए दोबारा से 15 दिन का समय दिया जाना चाहिए था। इस बाबत ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई युवराज सिंह का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया नियमों के तहत ही की गई है। ब्यूरो