नरेंद्रनगर (टिहरी)। नगर क्षेत्र के लोग बाजार में घूम रहे लावारिस पशुओं से परेशान हैं। दिनोंदिन उनकी संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को एक सांड ने व्यापारी पर हमला कर दिया, जिससे उनका हाथ फ्रेक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ऋषिकेश रेफर किया गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश चांदपुरी ने बताया कि शुक्रवार सायं सवा चार बजे व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष अशोक बजाज अपनी कार से सामान उतारकर दुकान की तरफ जा रहे थे, तभी सांड ने पीछे हमला कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया, जिससे उनका हाथ फ्रेक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय चिकित्सालय में हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं होने से उन्हें ऋषिकेश रेफर करना पड़ रहा है। व्यापारी दिनेश कर्णवाल, दीपेश उनियाल, भरत सिंह राणा व पुरुषोत्तम ने बताया कि बाजार में लावारिस पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है,। जिससे राहगीरों का बाजार में चलना-फिरना मुश्किल बना हुआ है। उन्होंने नगर पालिका और तहसील प्रशासन से लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है।