नई टिहरी। पालिकाध्यक्ष सीमा कृषाली और उनके पति आकाश कृषाली देहरादून में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का हाथ थामेंगे। कांग्रेस में घर वापसी के लिए वे अपने दर्जनों समर्थकों के साथ देहरादून रवाना हो गए हैं। आकाश कृषाली पूर्व में कांग्रेस प्रदेश कमेटी के सदस्य रहे हैं और सीमा कृषाली भी कांग्रेस की सक्रिय सदस्य थी, लेकिन बीते नवंबर में स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी से पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी न बनाए जाने पर उन्होंने पार्टी से बगावत कर दी थी। निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गई थी। निर्दलीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस हाईकमान ने दोनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। तब कांग्रेस ने पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका सजवाण पर पालिकाध्यक्ष का दांव खेला था। निर्दलीय सीमा ने पालिकाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी। पालिकाध्यक्ष सीमा ने बताया कि पार्टी में घर वापसी का निमंत्रण खुद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की ओर से मिला है। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विधिवत पार्टी में शामिल हो रही हूं।