नई टिहरी। लोकसभा चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी सोनिका ने एक सेक्टर मजिस्ट्रेट का जवाब तलब किया है। मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध न कराने पर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी किया गया है। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के चंद्रबदनी सेक्टर में पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड द्वितीय के सहायक अभियंता विनय बोहरा को सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। 11 फरवरी को सेक्टर मजिस्ट्रेटों की कार्यशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को उनके क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों का एक सप्ताह के भीतर स्थलीय निरीक्षण कर मतदेय स्थलों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से रिपोर्ट उपलब्ध न कराने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ब्यूरो