चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर सड़क का एक समान मुआवजा देने की मांग को लेकर पिछले 14 दिन से धरना दे रहे दिखोलगांव के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को आंखों पर काली पट्टी बांधकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन ग्रामीणों की जायज मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे उन्हें बारिश में भी धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता है, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। अपनी मांग को लेकर दीपक रावत और दर्मियान सिंह क्रमिक अनशन पर रहे, जबकि उनके समर्थन में उत्तम सिंह रावत, प्रेम सिंह रावत, सूरत सिंह रावत, दयाल सिंह, रणवीर सिंह, प्यारा देवी, जलमा देवी, शैला देवी और मीरा देवी ने आंखों में काली पट्टी बांधकर धरना दिया।