कंडीसौड़ (टिहरी)। व्यापारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक में लोनिवि और पीएमजीएसवाई का कैंप कार्यालय खोलने की मांग की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि थौलधार ब्लॉक की 300 किमी सड़कों के रख रखाव की जिम्मेदारी लोनिवि और पीएमजीएसवाई पर है। डामरीकरण न होने के कारण अधिकांश सड़कों की स्थिति जर्जर बनी हुई है। क्षेत्र में दोनों विभागों के कैंप कार्यालय न होने के कारण क्षेत्र में कोई भी कर्मचारी तैनात नहीं है। सड़कों के संबंध में शिकायत दर्ज करने के लिए क्षेत्र के लोगों को 75 किमी दूर चंबा या नई टिहरी जाना पड़ता है। वर्ष 2000 से पहले छाम में लोनिवि का कैंप कार्यालय था। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष सुमेर सिंह पंवार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुमन सिंह गुसाईं, क्षेत्र पंचायत सदस्य बुद्धि सिंह गुसाईं, प्रधान गंभीर सिंह गुसाईं, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष लाखीराम उनियाल, उम्मेद सिंह बिष्ट, निहाल सिंह पुरुसोड़ा, ललित खंडूरी आदि उपस्थित रहे।