नरेंद्रनगर (टिहरी)। रायवाला से घनसाली जा रही एक कार हिंडोलाखाल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिन्हें श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। एक कार बुधवार को रायवाला से घनसाली जा रही थी। शाम चार बजे के करीब हिंडोलाखाल के समीप कार अनियंत्रित होकर ऋषिकेश हाईवे से सीधे नीचे बनाली रोड पर जा गिरी। दुर्घटना में घनसाली अंथवाल गांव निवासी राजराम गोदियाल, उनकी पत्नी सरिता, बेटी दीपिका और बेटा अभिषेक गोदियाल घायल हो गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी चारों घायलों को अपने निजी वाहन से श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय लाए। डॉक्टरों ने बताया कि चारों की स्थिति खतरे से बाहर है, लेकिन सरिता के सिर पर चोट होने के कारण उन्हें हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।