थत्यूड़ (टिहरी)। थत्यूड़-मुगलोडी मोटर मार्ग निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए खेतों का जल्द मुआवजा न मिलने पर सिर्स, दिगोनी, मुगलोडी गांव के काश्तकारों ने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। डीएम को भेजे ज्ञापन में काश्तकारों ने कहा है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत थत्यूड़-मुगलोडी सड़क का निर्माण एक साल पहले हो चुका है, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान जिन खेतों का अधिग्रहण किया गया था। उनका भुगतान काश्तकारों को नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण के मलबे से कई खेत भी क्षतिग्रस्त हुए है। उनका भी मुआवजा भुगतान नहीं किया गया है। यदि जल्द ही प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा नहीं दिया गया, तो क्षेत्र की जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन पर कमल नौटियाल, रघुवीर सिंह, गुलाब सिंह, बचन सिंह, भागवत सिंह रावत, हर भजन सिंह पंवार, जगमोहन सिंह के हस्ताक्षर हैं।