नई टिहरी। दीपावली और धनतेरस के लिए नई टिहरी, बौराड़ी, चंबा, नरेंद्रनगर, घनसाली और लंबगांव बाजारों में सजावट शुरू हो गई। ग्राहकों को लुभाने के लिए बर्तन व्यापारियों ने दुकानों को खासतौर पर सजाया है। नए-नए डिजायन के बर्तन देखने के लिए खरीदार भी दुकानों में बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार बर्तनों के दाम में 10 से 15 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। बढ़ती महंगाई के बावजूद लोगों में धनतेरस पर नए बर्तनों की खरीदारी करने के लिए खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजा के बर्तनों की इस बार सबसे अधिक डिमांड है। बाजार में इस बार स्टील के गिलास अलग-अलग रंगों में आए हैं। नए-नए बर्तनों को पसंद करने पहुंच रहे ग्राहकों की बढ़ती संख्या देखकर व्यापारी भी खासे उत्साहित हैं। व्यापारी भगत सिंह चौहान व विनोद डोभाल का कहना है कि इस बार कर्मचारी वर्ग को दीपावली बोनस पहले मिल गया है। अधिकांश विभागों के कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन मिल चुका है। ऐसे में सोमवार को धनतेरस होने से उन्हें गत वर्षों की अपेक्षाकृत इस बार अधिक कारोबार होने की उम्मीद है।