नई टिहरी। बैंकिंग और बीमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए टिहरी जिला सहकारी बैंक/ चमोली जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक मनोज कुमार को डा. अब्दुल कलाम अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मिसाइल मैन पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर राजनीति की पाठशाला संस्था की पहल पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक मनोज कुमार को सम्मानित किया गया। शिक्षा, बैंकिंग और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के 20 लोगों को डा. अब्दुल कलाम अवार्ड से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति के वरिष्ठ प्रोटोकॉल ऑफिसर डा. जीएल शर्मा और दिल्ली के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डा. वाईएन शास्त्री ने उन्हें सम्मानित किया। मनोज कुमार तीन वर्षों से चमोली जिला सहकारी बैंक में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। जुलाई से टिहरी जिला सहकारी बैंक महाप्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार देख रहे हैं। प्रधानमंत्री बीमा योजना से हर व्यक्ति को लाभान्वित करने की उनकी योजना है। तीन माह के कार्यकाल में उन्होंने टिहरी जिला सहकारी बैंक को 50 करोड़ की ग्रोथ दिलाई है। ब्यूरो