चंबा (टिहरी)। ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण सांकरी गांव में एक बालक करंट से झुलस गया। परिजनों ने निगम से आंगन में लगाया गया बिजली का खंभा हटाने की मांग की है। थौलधार ब्लॉक के सांकरीगांव में रमेश सिंह का बेटा अमन (12) दोपहर में आंगन में खेल रहा था। इस दौरान उसने आंगन में खड़े विद्युत पोल के सपोर्टिंग (स्टेग) तार पकड़ा, तो तार पर करंट होने से वह झुलस गया। परिजन अमन को तार से छुड़ाकर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। रमेश ने बताया कि ऊर्जा निगम से कई बार विद्युत पोल हटाने की मांग की गई, लेकिन उन्होंने पोल नहीं हटाया जिससे बच्चा करंट से झुलस गया। इस बाबत एसडीओ अमित तोमर ने कहा कि मामले की जांच करने के बाद घायल के उपचार के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।