नई टिहरी। टिहरी झील में बोटिंग शुरू होने पर पर्यटकों का टिहरी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को अहमदाबाद से 40 पर्यटकों का एक दल टिहरी झील में रोमांच का सफर करने पहुंचा। पर्यटकों ने झील में बोटिंग का आनंद उठाया। बोटिंग के लिए पर्यटकों के पहुंचने से बोट व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे। झील में बोट सेवा शुरू होने के दूसरे दिन मंगलवार को दिनभर में लगभग 80 लोग हरिद्वार, देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश और अन्य स्थानों से बोटिंग के लिए टिहरी झील में पहुंचे हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को जल्द ही झील में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। बोट यूनियन के संरक्षक कुलदीप पंवार ने बताया कि बोट यूनियन को भंग कर दिया गया है। 15 अक्तूबर को यूनियन की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।