नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे नरेंद्रनगर बाईपास के समीप मलबा गिरने से बाधित हो गया, जिससे लोगों को वाहन बदलकर अपने गंतव्य जाना पड़ा। शुक्रवार रात नौ बजे नरेंद्रनगर बाईपास के समीप पहाड़ी से मलबा गिर गया। शनिवार को भी हाईवे पर पहाड़ी से मलबा गिरता रहा, जिससे यातायात बहाल नहीं हो पाया। रविवार को रक्षाबंधन का पर्व होने से लोग बड़ी संख्या में अपने घरों को जा रहे हैं, लेकिन सड़क बंद होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है, जिससे बाईपास के समीप सड़क पर गिरा मलबा और पत्थरों को साफ करने में दिक्कत हो रही है।