नई टिहरी। देवप्रयाग विकासखंड के गुराई गांव निवासी एक युवक की जापान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है।
जामणीखाल क्षेत्र के पबेला ग्राम पंचायत के गुराई गांव निवासी अर्जुन बिष्ट (30) पुत्र मोर सिंह बिष्ट जापान के ओशाका के इशी-वाशी शहर में एक होटल में विगत चार माह से कार्यरत था। जापान में रह रहे प्रवासी भारतीय रोशन रतूड़ी ने अर्जुन के परिजनों को रविवार को घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर को होटल के किचन में काम करते वक्त गैस सिलेंडर फटने से हादसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुन के घर में मातम छा गया। अर्जुन अपने पीछे माता-पिता सहित पत्नी और दो अबोध बच्चों का भरापूरा परिवार छोड़ गया है। प्रधान दर्मियान सिंह ने जिला प्रशासन से मृतक का शव जल्द भारत लाने की मांग की है। ब्यूरो