नई टिहरी। पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती वाहन दुर्घटनाओं ने पुलिस के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी है। धुमाकोट बस हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने शनिवार और रविवार को टिहरी जिले के विभिन्न सड़क पर चेकिंग अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 294 वाहनों का चालान कर 49 हजार पांच सौ अर्थदंड वसूल किया। एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान 74 बाइक सवार बिना हेलमेट के मिले। 13 वाहनों में प्रेशर हार्न लगे मिले। एक वाहन चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। उन्होंने अभिभावकों से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने को न देने की अपील की है। सभी थानाध्यक्षों को वाहनों की चेकिंग अभियान में तेजी लाने को कहा।