चंबा (टिहरी)। नवोदित प्रतिभाओं को निखारने के लिए श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक कला मंच की पहल पर आयोजित एक माह की रंग मंच प्रशिक्षण कार्यशाला रविवार को संपन्न हो गई। समापन अवसर पर ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी ने किया। श्रीदेव सुमन सांस्कृतिक कला मंच के पदम गुर्साइं ने बताया कि प्रशिक्षण में 30 प्रतिभागियों को रांसो, तांदी, पांडव नृत्य, झुमैलो आदि विधाओं का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर लोक गायक पदम गुर्साइं और रवि गुर्साइं के नए गढ़वाली वीडियो एलबम रंगीलो गढ़वाल छबिलो कुमाऊं का भी विमोचन किया गया। इस मौके पर तिलकराम चमोली, कीर्ति सिंह बिष्ट, इंद्र सिंह नेगी, सतबीर पुंडीर, राजेंद्र नेगी, सुमित गुंसाई, गौरव लेखवार आदि मौजूद थे। ब्यूरो