चंबा (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बुधवार को दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। बुधवार सुबह 11 बजे फकोट में पहाड़ी से मलबा गिरकर हाईवे पर गिरा। हालांकि जेसीबी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाना शुरू, लेकिन मलबा अधिक होने के कारण अपराह्न एक बजे सड़क यातायात के लिए खोली गई। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन होने के कारण यातायात बहाल होने के बाद भी जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने किसी तरह आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को साइट हटाकर लोगों को अपने गंतव्य की ओर रवाना किया।