नई टिहरी। जिलाधिकारी सोनिका ने जनता दरबार में फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। बताया कि फरियादी डिस्ट्रिक मजिस्ट्रेट के फेसबुक, ट्यूटर एकाउंट पर भी शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। प्राप्त होने वाली शिकायतों की निरंतर मॉनिटेरिंग कर निराकरण किया जाएगा। कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में भिलंगना के अंथवाल गांव के प्रधान शिवशरण अंथवाल ने बताया कि ब्लाक के चार अधिकारियों ने पंचायत चुनाव में उनके विरोधी रहे तीन लोगों से मिलीभगत कर बिना जांच पड़ताल के ही इस्तीफा खिलवा दिया। उन्होंने प्रकरण की जांच करवाकर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ को तत्काल जांच कर पांच दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जाखणीधार ब्लाक के म्यूडा के पूर्व प्रधान वीर सिंह गुनसोला ने बताया कि उनके गांव की विधवा शाखा देवी से टिहरी डैम वन प्रभाग ने मार्च 2015 से सितंबर 2016 तक प्लांटेशन में काम करवाया था, लेकिन अभी तक उनका भुगतान नहीं किया। इस डीएम ने डीएफओ को तलब करते हुए तत्काल भुगतान के आदेश दिए। चंबा के शीशपाल चौहान ने मत्स्य पालन की कोटेश्वर हैचरी में समान सप्लाई का भुगतान न होने की शिकायत की। डीएम ने मत्स्य पालन के अधिकारियों को तीन दिन के अंदर भुगतान को कहा। थौलधार के कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार, मंगल सिंह बिष्ट, सुमन सिंह, राम सिंह आदि ने ऑलवेदर रोड का प्रतिकर भुगतान की मांग की। बताया कि चंबा-धरासू मार्ग स्थित जमीन पर 30 वर्षों से उनका कब्जा है। बावजूद अब लोनिवि उक्त भूमि पर अपना हक जता रहा है। इसके साथ ही फैगुल के ओमकार सिंह ने गांव की एक महिला पर उनके घर को जाने वाले रास्ते को बंद करने का आरोप लगाया। सुरीला चौहान ने पीआरडी में नौकरी देने समेत कई लोगों ने समस्याएं रखीं। इस मौके पर डीएम अपर जिलाधिकारी डा. शिवकुमार बरनवाल, डीएफओ डा. कोके रोसे, पीडी डीआरडीए भरत भट्ट, डा. आरपी जोशी, राकेश कुमार, आलोक कुमार, विक्रम, एचएस खत्री व डा. डीके तिवारी आदि मौजूद थे।