नई टिहरी/घनसाली। गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने और गाय का संरक्षण करने की मांग को लेकर गो क्रांति मंच 18 जनवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और तहसीलों में प्रदर्शन करेगा। गोपाल गोलोक संवर्द्धन समिति के अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने यह जानकारी दी। भारतीय गो क्रांति मंच के तहसील प्रभारी मनमोहन डिमरी ने बताया कि जुलूस-प्रदर्शन में अधिक लोग शिरकत करें इसके लिए भिलंगना ब्लॉक के चानी, तिसरियाणा, डाल, खवाड़ा और सौला गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। मांग के समर्थन में 18 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा। उसी दिन गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने के लिए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।