चंबा (टिहरी)। डीएम सोनिका ने शनिवार को चंबा-धरासू हाईवे का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने ऑल वेदर रोड का मलबा खेतों में डालने पर कड़ा आक्रोश जताया। इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि मलबा डंपिंग के लिए शीघ्र ही स्थान चिह्नित किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि सर्वे टीम मकानों की लंबाई, चौड़ाई के हिसाब से नाप रही है, जबकि मकान की छत के हिसाब से नपाई होनी चाहिए। प्रभावित ग्रामीणों ने सड़क से प्रभावित होने वाले गांव के आम रास्ते, पेयजल लाइन और पेयजल टैंकों का पहले निर्माण करने की मांग की। इस मौके पर दर्मियान सिंह सजवाण, हरि प्रसाद सकलानी, सुरम तोपवाल, दर्शन लाल सकलानी, गीता देवी, अतर सिह कठैत व राजेंद्र सिंह परमार आदि उपस्थित रहे।