लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर में भदूरा पट्टी के भरपूरियागांव में दो दिन से भालू और गुलदार की दहशत व्याप्त है।
भरपूरियागांव के शैलेंद्र पंवार शाम पांच बजे बृहस्पतिवार को लंबगांव से घर जा रहे थे कि घर के कुछ दूरी पर दो भालुओं ने उन पर हमलाकर दिया। परिजनों के हो हल्ला करने पर वह बच गए। वहीं, गुलदार भी गांव के आसपास मंडरा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को देर रात को कनस्तर बजाकर भालुओं को भगाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भालुओं के गांव में आने की सूचना वन विभाग को दी गई है। बावजूद विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंच रही है। ग्रामीणों ने जल्द भालू की दहशत से निजात न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में वन रेंजर लंबगांव लक्की शाह का कहना है कि फिलहाल प्रतापनगर क्षेत्र के किसी भी गांव में भालू का आतंक होने की सूचना नहीं है।